
चंडीगढ़ में मेयर चुनाव मे धांधली के आरोप मे आप और कांग्रेस पार्टी का जोरदार प्रदर्शन
बैरिकेड्स तोडक़र कार्यकर्ताओं ने अंदर जाने का किया प्रयास
चंडीगढ, 31 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ मेयर चुनाव मे धांधली का आरोप लगा रहे आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने आज चंडीगढ़ के सेक्टर 17 में पुलिस थाने के पास कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ भाजपा के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। आम आदमी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस स्टेशन 17 जाने से पहले ही बैरिकेड्स लगाकर रोक लिया गया। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। बैरिकेड्स तोडक़र कार्यकर्ताओं ने अंदर जाने का प्रयास किया।
प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, आम आदमी पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी डॉक्टर एसएस अहलूवालिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रेम गर्ग समेत कई बड़े नेता उपस्थित रहे। सभी ने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा ने धांधली की है। इसकी वजह से ही उनका मेयर बना है। पीठासीन अधिकारी ने विपक्ष के वोटों पर मार्क लगाकर उन्हें अमान्य घोषित किया, जिसकी वजह से उन पर कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्रवाई की मांग को लेकर ही सभी दोपहर 12:30 बजे सेक्टर 17 स्थित पुलिस थाने के पास एकत्रित हुए और नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस की तरफ से बैरिकेडिंग की गई थी। आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता बैरिकेड पर चढ़ गई और उसे पार करने की कोशिश की। हालांकि उन्हें किसी तरह रोका गया। इस दौरान पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हुई। आखिर में कुछ नेताओं को थाने के अंदर जाने दिया गया। उन्होंने अनिल मसीह पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सभी पार्षद एसएसपी दफ्तर के लिए रवाना हो गए।























