कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू
हम आपकी सुनने आए हैं, मन की बात सुनाने नहीं-राहुल गांधी
चंडीगढ, 14 जनवरी (विश्ववार्ता) राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ आज मणिपुर के से शुरू हो गई. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने थौबल जिले से हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत की। राहुल गांधी ने मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की। यात्रा से पहले राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा- मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, गले मिलने नहीं आए। ये शर्म की बात है।
राहुल ने आगे कहा- हम आपकी सुनने आए हैं, मन की बात सुनाने नहीं। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- मोदी जी समंदर में सैर करने जाते हैं, राम-राम जपते हैं लेकिन मणिपुर नहीं आते। उनके मुंह में राम और बगल में छुरी है।राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 15 राज्यों के 110 जिलों को कवर करेगी। इसमें राहुल 6700 किमी का सफर तय करेंगे। यात्रा 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।
इस इवेंट में शामिल होने के लिए दिल्ली से इंडिया की विशेष फ्लाइट से सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्ला, आनंद शर्मा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अशोक गहलोत, अभिषेक मनु सिंघवी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सचिन पायलट, दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी समेत 70 के करीब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ इंफाल पहुंचे।
























