
सीआईएसएफ के 54 साल के इतिहास में पहली महिला चीफ बनी नीना सिंह
चंडीगढ, 30 दिसंबर (विश्ववार्ता) : राजस्थान की पहली महिला आईपीएस अधिकारी नीना सिंह ने शुक्रवार को सीआईएसएफ की पहली महिला प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला है। नीना सिंह 1989 बैच से राजस्थान कैडर की भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी रही हैं। अब उन्होंने दिल्ली में सीआईएसएफ मुख्यालय में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के महानिदेशक के रूप में पदभार ग्रहण किया है।
दरअसल नीना सिंह सीआईएसएफ में यह पद संभालने वाली पहली महिला अधिकारी हैं। सीआईएसएफ के महानिदेशक के रूप में नियुक्ति से पहले वह सीआईएसएफ में विशेष महानिदेशक के रूप में कार्यरत थीं। वह 2021 से सीआईएसएफ में हैं और अगले साल 31 जुलाई को अपनी सेवानिवृत्ति तक इस पद पर बनी रहेंगी। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का नेतृत्व कर रहे अनीश दयाल सिंह को नई नियुक्तियों के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का महानिदेशक नामित किया गया है।























