राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह हत्याकांड मामले मे दिल्ली क्राइम ब्रांच को बडी सफलता
मुख्य आरोपी सहित तीन को दबोचा
चंडीगढ, 10 दिसंबर (विश्ववार्ता) राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजस्थान पुलिस के साथ जॉइंट ऑपरेशन में हत्याकांड के मुख्य आरोपी रोहित राठौड़ और नितिन फौजी समेत तीन आरोपियों को चंडीगढ़ से हिरासत में लिया है।
आरोपियों का नाम रोहित राठौर और नितिन फौजी है। पुलिस ने इन दोनों के अलावा उदय नाम के एक और लडक़े को गिरफ्तार किया है, जिसकी भूमिका की जांच हो रही है। दिल्ली पुलिस क्राइम तीनों को लेकर दिल्ली पहुंची है। पुलिस की टीम सभी को जयपुर लेकर जाएगी। बता दें सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पूरी वारदात में कुल 17 बार फायरिंग की गई थी।
इससे पहले राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के मामले में हरियाणा से कल पहली गिरफ्तारी हुई थी। महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली के सुरेती पिलानिया गांव के एक युवक को राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि सुरेती पिलानिया के रामवीर ने ही नितिन फौजी के लिए जयपुर में सारी व्यवस्था की थी। नितिन फौजी व रामवीर दोनों दोस्त हैं और वह पहले भी नितिन फौजी की मदद कर चुका है।