
पंजाब सरकार द्वारा औद्योगिक एडवाइजरी आयोग का गठन
चंडीगढ, 4 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब सरकार ने राज्य में संपूर्ण औद्योगिक और व्यावसायिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 26 विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के लिए उद्योग सलाहकार आयोग का गठन किया है। इस संबंध में उद्योग एवं कॉमर्स विभाग के नीति कार्यान्वयन यूनिट की ओर से जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 26 विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों के विकास के लिए औद्योगिक सलाहकार आयोग का गठन किया जा रहा है। प्रत्येक उद्योग सलाहकार आयोग की अगुवाई संबंधित उद्योग से जुड़ा प्रसिद्ध व्यक्ति करेगा, जो संबंधित उद्योग का प्रतिनिधित्व करेगा।
इसके तहत कृषि, पर्यटन, फार्मा, चिकित्सा और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों के लिए काम किया जाएगा। आयोग के प्रमुख को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया जाएगा। पंजाब सरकार द्वारा राज्य में कारोबारियों के लिए अनुकूल माहौल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यह रोजगार से जुड़ा मुद्दा भी है। इस संबंध में सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।

























