
पंजाब के इस जिले मे सीआईए स्टाफ को मिली बडी सफलता, 3 तस्करों को किया गिरफ्तार
चंडीगढ, 3 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब के तरनतारन जिले मे सी.आई.ए. स्टाफ तरनतारन की पुलिस ने 3 तस्करों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने 3 किलो 100 ग्राम हेरोइन के साथ 1 स्विफ्ट कार भी बरामद की है। गौरतलब है कि तस्करों से बरामद की गई हैरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 15 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।
सीआईए स्टाफ ने हरियाणा नंबर (एचआर 05-एएच 0176) कार सवार 3 तस्करों को 3 किलो 100 ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान कार को रोक लिया। एक आरोपी भाग गया, जबकि 3 आरोपियों को काबू कर लिया। पकड़े गए अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श से 510 ग्राम हेरोइन, जगबीर सिंह उर्फ जग्गा से 510 ग्राम हेरोइन और ड्राइवर सीट पर बैठे अर्शदीप सिंह से 2 किलो 80 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। तीनों गांव मेहंदीपुर के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श पुत्र सुखवंत सिंह,जगबीर सिंह उर्फ जग्गा पुत्र काबल सिंह, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श पुत्र हरपाल सिंह निवासी मेहंदीपुर के तौर पर हुई। फरार आरोपी गुरलाल सिंह उर्फ गब्बर पुत्र हीरा सिंह निवासी मेहंदीपुर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उक्त आरोपी पड़ोसी देश पाकिस्तान में बैठे तस्करों के साथ संपर्क कर हेरोइन की खेप मंगवाते थे। इस मौके पर एस.पी. स्थानीय मनिंदर सिंह, डी.एस.पी. डी. अरुण शर्मा, सी.आई.ए. इंचार्ज इंस्पैक्टर प्रभजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।























