
पंजाब सीएम भगवंत सिंह मान ने राज्यपाल को फिर लिखा पत्र,पढिये क्या है पूरी खबर
पाँच बिलों को तुरंत मंज़ूरी देने की अपील
चंडीगढ,25 नवंबर (विश्ववार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को कुछ महीने पहले राज्य विधान सभा द्वारा पास किए पाँच बिलों को तुरंत मंज़ूरी देने की अपील की।
राज्यपाल को लिखे पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब विधान सभा द्वारा पास किए गए पाँच बिल राज्यपाल के पास सहमति के लिए लम्बित हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से चार बिल इस साल 19 और 20 जून को हुए बजट सत्र की बैठकों में पास किए गए थे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इससे पहले राज्यपाल के साथ हुई उनकी बातचीत के दौरान राज्यपाल ने जून 2023 में स्पीकर द्वारा बुलाए गए विशेष विधान सभा सत्र की प्रामाणिकता पर संदेह जताया था, इसी कारण अभी तक बिलों को मंज़ूरी नहीं दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सम्बन्ध में माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा 10 नवंबर को अदालत में सुनाए गए आदेशों में 19-20 जून और 20 अक्तूबर, 2023 को हुई पंजाब विधान सभा की बैठकों को जायज ठहराया गया है। इस कारण पाँच बिल, जो विधान सभा द्वारा जायज तौर पर पास किए गए थे, राज्यपाल के पास मंज़ूरी के लिए लम्बित पड़े हैं। भगवंत सिंह मान ने बताया कि इन बिलों में सिख गुरूद्वाराज़ (संशोधन) बिल, 2023, पंजाब पुलिस (संशोधन) बिल, 2023, पंजाब ऐफीलीएटिड कॉलेज (सेवा की सुरक्षा) (संशोधन) बिल, 2023, पंजाब यूनिवर्सिटीज कानून (संशोधन) बिल, 2023 और पंजाब राज्य विजीलैंस कमीशन (रिपील) बिल, 2022 शामिल हैं।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार की ओर से इस साल मार्च में बुलाए गए विधानसभा के बजट सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद जून में विस्तारित सत्र के रूप में दो दिन के लिए बुलाया और उसके बाद अक्तूबर में भी बजट सत्र का ही दो दिवसीय विस्तारित सत्र बुलाया था।
राज्यपाल ने इन दोनों विस्तारित सत्रों को गैरकानूनी ठहराते दिया था और जून के सत्र में पारित पांच बिलों को अब तक मंजूरी नहीं दी थी। इसके बाद अक्तूबर में बुलाए सत्र में राज्यपाल ने तीन वित्त विधेयक पेश करने की अनुमति देने से इंकार कर दिया था, जिसके विरोध में पंजाब सरकार राज्यपाल के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चली गई थी। आखिरकार सुप्रीम कोर्ट की ओर से दोनों पक्षों को दी गई हिदायतों के बाद शुक्रवार को पहला अवसर है, जब दोनों पक्षों ने व्यवहारिक मापदंड को अपनाते हुए एक-दूसरे को गंभीरता से लिया है।





















