
जालंधर-लुधियाना हाईवे पर किसानों द्वारा लगाया गया धरना आज चौथे दिन मे प्रवेश
नेशनल हाईवे के साथ रेल ट्रैक भी किया जाम, आज कुल इतने ट्रेनों को किया डायवर्ट
लोगों को अपने गंतव्य तक जाने में काफी मुश्किलों का करना पड़ रहा है सामना, ट्रैफिक डायवर्जन रूट जारी
चंडीगढ़, 24 नवंबर (विश्ववार्ता) जालंधर के धन्नो वाली फाटक के पास गन्ने के रेट बढ़ाने और पराली जलाने के केसों को रद्द करवाने को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की कॉल पर धरना प्रदर्शन आज चौथे दिन मे प्रवेश कर गया है।। नेशनल हाईवे के बाद अब उन्होंने रेल ट्रैक जाम कर दिया है।किसानों के रेलवे ट्रैक पर बैठते ही ट्रेनें प्रभावित होने लगी है। रेलवे के मुताबिक इस ट्रैक से रोजाना चौबीस घंटे में 120 ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होगी। आज 40 ट्रेनें निकल चुकी थीं, अब 80 ट्रेनों को डायवर्ट करने के लिए रेल अफसरों की बैठक शुरू हो गई है।रेलवे ट्रैक बंद होते ही शताब्दी एक्सप्रेस को कपूरथला के फगवाड़ा में रोक दिया है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के पास प्रदर्शन होने के कारण आम्रपाली एक्सप्रेस को जालंधर सिटी स्टेशन पर रोक दिया गया है
अब तक धरने में कुल 22 किसान संगठन पहुंच चुके हैं और बाकी संगठन भी पहुंच जाएंगे। जालंधर से आगे गंतव्य पर जाने वाले यात्रियों को पुलिस ने ट्रैफिक जारी कर उसके हिसाब से सफर करने का सुझाव दिया है। अमृतसर जाने के लिए आदमपुर, किशनगढ़ करतारपुर के रास्ते से और फिल्लौर से नूर महल और नकोदर होते हुए जाएं। चंडीगढ़ जाने के लिए किशनगढ़, आदमपुर, होशियारपुर, गढ़शंकर, नवांशहर होते हुए निकले। लुधियाना के लिए किशनगढ़, आदमपुर मेहटियाणा और फगवाड़ा होते हुए सफर करें। पठानकोट जाने के लिए फिल्लौर से राहों, नवांशहर, गढ़शंकर, होशियारपुर से निकलें।
आपको बता दे किसानों ने आज गन्ने की कीमतों में बढ़ौतरी को लेकर जालंधर-लुधियाना हाईवे धरना लगाकर जाम कर दिया था। जिसके चलते शाम होते-होते शहर व नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। इसके चलते पीएपी से लेकर जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन तक लगभग 2 किलोमीटर मार्ग में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। वाहन सडक़ों पर चलने की जगह रेंगते हुए नजर आए और लोग बेबस। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया था, लेकिन बावजूद इसके लोगों को अपने गंतव्य तक जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।























