
हाईकोर्ट मे पंजाब विधानसभा की कवरेज में विपक्ष की अनदेखी वाली याचिका पर सुनवाई की स्थगित
कांग्रेस नेता बाजवा ने याचिका दायर कर विपक्ष की अनदेखी का लगाया था आरोप
पढिये हाईकोर्ट ने क्या कहा
चंडीगढ़, 22 नवंबर (विश्ववार्ता) पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने आज पंजाब विधानसभा सत्र की लाइव कवरेज मे विपक्ष की अनदेखी किये जाने के खिलाफ याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी है। हाईकोर्ट ने सवाल उठाए हुए बाजवा के वकील से पूछा कि विधानसभा की लाइव कवरेज करने का जिम्मा किसका है। इसके जवाब में वकील ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस पर हाईकोर्ट ने याचिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उनके पास जानकारी ही नहीं है तो हाईकोर्ट में याचिका दायर करना क्या उचित है।
हाईकोर्ट ने बाजवा के वकील को सलाह दी कि वह चार सप्ताह के भीतर आरटीआई से इस बारे में सूचना एकत्रित करें और उसके बाद इस मामले में बहस करें। हाईकोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि उनकी याचिका अमान्य बनती है। इस बारे में कोई कानून नहीं है तो हाईकोर्ट में इसे चुनौती कैसे दी जा सकती है। हाईकोर्ट ने बाजवा के वकील को इन सभी सवालों के जवाबों के साथ चार सप्ताह के बाद हाईकोर्ट आने की सलाह देते हुए मामले की सुनवाई स्थगित कर दी।
बतां दे कि कांग्रेस नेता और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर विधानसभा सत्र के दौरान लाइव कवरेज में सिर्फ सरकार और उनके नेताओं को दिखाने और विपक्ष की अनदेखी का आरोप लगाया था। बाजवा ने याचिका में बताया कि इस सरकार में जब भी विधानसभा सत्र का आयोजन किया जाता है तो इसकी लाइव कवरेज के दौरान पूरा फोकस सरकार और इसके नेताओं पर होता है। विपक्ष के नेताओं और मुद्दों की पूरी तरह से अनदेखी की जाती है। याची ने कहा गया था कि वे जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और जनता को पूरा हक है कि वो विधानसभा में अपने प्रतिनिधियों को उनके मुद्दे उठाते हुए देखें। हाई कोर्ट से अपील की गई है कि विधानसभा कवरेज के दौरान सभी को पूरी कवरेज देने का निर्देश जारी किया जाए।























