
देवउठनी एकादशी कल से हो रही है शुरू,सीजन करीब आते ही घोडिय़ों की डिमांड बढ़ी नुखरी घोड़ी की है डिमांड
22 दिन में करीब इतने लाख होगी शादियां, पिछले साल के मुकाबले इतने लाख करोड़ के कारोबार की उम्मीद
चंडीगढ़, 23 नवंबर (विश्ववार्ता) देवउठनी एकादशी कल से शुरू हो रही है इसके साथ शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। घोडिय़ों की डिमांड बढ़ गई है और उनका किराया भी बढ़ गया है। बग्घी की डिमांड भी बढ़ी हुई है। नुखरी घोड़ी की डिमांड ज्यादा होती है और उनके किराये 41 हजार से लेकर 71 हजार तक हैं। शादी के मुहूर्त 23 नवंबर से लेकर 15 जुलाई 2024 तक हैं।
ऐसे में इस बार शादियों की सीजन और भी धमाकेदार होने वाला है। दरअसल, व्यापारियों के संगठन कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स ने उम्मीद जताई है कि 23 नवंबर से शुरू हो रहे शादियों के आगामी सीजन में देशभर में लगभग 38 लाख शादियां होंगी। सीएआईटी ने कहा कि इस सीजन में उपभोक्ताओं द्वारा शादी की खरीदारी और विभिन्न सेवाओं की खरीद से संबंधित खर्च पिछले साल की तुलना में लगभग एक लाख करोड़ रुपये अधिक है। सीएआईटी के महासचिव प्रवीन खंडेलवाल ने कहा,अनुमान है कि 23 नवंबर-15 दिसंबर के दौरान लगभग 38 लाख शादियां होंगी और कुल खर्च लगभग 4.7 लाख करोड़ रुपये होगा। य अर्थव्यवस्था और खुदरा व्यापार के लिए एक अच्छा संकेत है।
बैंक्विट हॉल, धर्मशाला, फार्महाउस, कम्युनिटी सेंटर, कैटरिंग के साथ ही घुड़चढ़ी के लिए घोडिय़ों की डिमांड भी हर लडक़े वालों की तरफ से है। इस बीच घोडिय़ों और बग्घी की बुकिंग बढ़ गई है। इनका किराया भी बढ़ गया है। घोड़ी, बग्घी, लाइट, बैंड के पूरे पैकेज के लिए 41 हजार रुपये से लेकर 71 हजार तक चार्ज किए जा रहे हैं। डिमांड को देखते हुए 10 से 15 फीसदी रेट ऊपर-नीचे होते रहते हैं।
कई कम्युनिटी में घुड़चढ़ी का रिवाज होता है। इस रिवाज के बाद ही दूल्हा-दुलहन को लेने के लिए जाता है। ऐसे में शादी की तैयारियों में घोड़ी की डिमांड को देखते हुए लोग महीनों पहले ही एडवांस बुकिंग करा चुके हैं। इस सीजन में बग्घी की डिमांड भी बढ़ी हुई है।
शादियों में नुखरी घोड़ी की डिमांड ज्यादा होती है। यह सुनहरे रंग की होती हैं। बग्घी का काम करने वाले मेराज खान ने बताया कि उनके पास 9 नुखरी घोड़ी हैं, जो आम दिनों में भी हमेशा बुकिंग में रहती हैं। वह पूरा पैकेज देते हैं, जिसमें घोड़ी, बैंड बाजा, बग्घी, लाइट शामिल है। इस समय 41 हजार से लेकर 71 हजार तक में बुकिंग चल रही है। डिमांड के हिसाब से रेट बढ़ता है। उन्होंने बताया कि अगर कोई सिर्फ घोड़ी की बुकिंग कराता है तो उसे सामान्य रेट 5100 रुपये लेते हैं। अगर छतरी के साथ बुकिंग कराई है तो हजार रुपये और जुड़ जाते हैं।























