
महिला ने चार हाथ और चार पैर वाले को बच्चे को दिया जन्म, हैरान रह गए डॉक्टर
चंडीगढ़, 13 नवंबर (विश्ववार्ता) यूपी के मेरठ मेडिकल कॉलेज में चार हाथ और चार पांव वाले नवजात का इलाज किया जा रहा है. मेडिकल कालेज के मीडिया प्रभारी डा वी डी पाण्डेय ने बताया कि एक नवजात शिशु का जन्म मुजफफरनगर में उनके घर पर छह नवंबर को हुआ है. बच्चा पैदा होने के बाद बताया गया कि नवजात के 04 हाथ व 04 पैर हैं । माता पिता बच्चे को जिला अस्पताल मुजफफरनगर लेकर गये, लेकिन वहां से उसे मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर कर दिया गया।
मेरठ मेडिकल कॉलेज में बाल रोग विशेषज्ञ और विभागाध्यक्ष डॉ. नवरतन गुप्ता ने बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी एक महिला ने 6 नवंबर को घर पर ही एक बच्चे को जन्म दिया था। बच्चे के 4 हाथ और 4 पैर हैं। इस अजीब बच्चे को देख परिवार वाले घबरा गए। उन्होंने बच्चे को मेरठ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
बाल रोग विशेषज्ञ ने कहा कि लगता है, इस बच्चे को जुड़वां होना था, मगर कुछ विकृति आ गई। शायद एक भ्रूण का विकास हुआ, लेकिन दूसरा भ्रूण अविकसित रह गया। दूसरे बच्चे का गर्भ में केवल शरीर का नीचे का हिस्सा ही बन पाया। वह शरीर भी पहले बच्चे में जुड़ता चला गया, इसलिए यह विकृत बच्चा है। बच्चे के 4 हाथ, 4 पैर और 2 जननांग हैं। जो 2 हाथ, 2 पैर और एक जननांग अतिरिक्त है, वह दूसरे बच्चे का है, जो ठीक से विकसित नहीं हो सका।
मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. वी.डी. पांडेय ने बताया कि 50 से 60 हजार में से किसी एक बच्चे को ऐसी विकृति जन्मजात होती है। बच्चे के पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे का इलाज मेडिकल कालेज में ही हो और इस बच्चे के अतिरिक्त अंगों को सर्जरी के जरिए हटा दिया जाए। चिकित्सक ने कहा कि बच्चे के अतिरिक्त अंगों को जल्द ही हटाया जाएगा। सर्जरी के बाद ही बच्चा ठीक हो पाएगा।