
पंजाब मे मौसम ने ली अंगडाई, ठंड ने पकड़ा जोर
जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
चंडीगढ़, 11 नवंबर (विश्ववार्ता) पंजाब मे एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। कई जिलों में शुक्रवार को हुई बारिश ने सूबे में ठंड की आहट कर दी है। ठंडी हवाओं के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक भले ही अगले चार दिन मौसम शुष्क रहेगा लेकिन रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी दर्ज की जा सकती है। मौसम विज्ञानी डॉ परनीत कौर किंगरा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वातावरण खराब था, जिसके चलते अब बारिश से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मौसम में बदलाव के कारण हवा में सुधार होगा।
अटल टनल के आसपास, रोहतांग दर्रा, शिकारी देवी और कमरूनाग में बर्फबारी से पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लग गई है और मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया है। सोलंगनाला और मढ़ी में ही पर्यटक रोक दिए गए हैं। वहीं पर्यटन स्थल गुलमर्ग समेत जम्मू-कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। जम्मू, सांबा, कठुआ, ऊधमपुर में रात से ही तेज बारिश का दौर जारी है।























