
दिल्ली-एनसीआर मे लगातार दम घोटती हवा से सुप्रीम कोर्ट भडका
सभी राज्यों को तत्काल प्रभाव से पराली जलाने पर रोक लगाने को कहा
यदि हमने अपना बुलडोजर चलाना शुरू किया, तो फिर रुकेंगे नहीं- सुप्रीम कोर्ट
हर मसले पर राजनीतिक लड़ाई नहीं हो सकती
चंडीगढ़, 8 नवंबर (विश्ववार्ता) दिल्ली-एनसीआर में दमघोंटू हवा से आठवें दिन भी हालात बदतर होने पर सुप्रीम कोर्ट भडक गया है। सुप्रीम कोर्ट ने एक तरफ से केंद्र सरकार के साथ-साथ दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की राज्य सरकारों की खिंचाई कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण के मामले पर सुनवाई करते हुए बहुत कड़े तेवर दिखाए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सबसे पहले तो इन सभी राज्यों को तत्काल प्रभाव से पराली जलाने पर रोक लगाने को कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने यहां तक कह दिया है कि हमें नहीं पता राज्य सरकारें पराली जलाए जाने से कैसे रोकेंगी… क्या करेंगी। हमें इसकी परवाह नहीं है। ये उनका काम है। हमें बस पराली जलाए जाने पर पूरी तरह तुरंत रोक चाहिए।
दोटूक कहा कि ब शीर्ष अदालत ने खासतौर पर पंजाब से कहा, राजनीति बंद कर जरूरी कदम उठाएं। साथ ही, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली सरकारों को एक-दूसरे पर दोष मढऩे से बचने और पराली जलाने पर तत्काल अंकुश लगाने का निर्देश दिया। शीर्ष अदालत ने कहा, यदि हमने अपना बुलडोजर चलाना शुरू किया, तो फिर रुकेंगे नहीं।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, प्रदूषण एक गंभीर मुद्दा है, लेकिन हम देख रहे हैं कि इस पर भी राजनीतिक लड़ाई चल रही है। यह अच्छी बात नहीं है।
आप हर मसले को राजनीतिक लड़ाई न बनायें। हर मसले पर राजनीतिक लड़ाई नहीं की जा सकती। बेहतर होगा कि सब मिलकर इस समस्या का समाधान निकालें। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सभी राज्यों को प्रदूषण के मुद्दे पर भौतिक या ज़ूम के माध्यम से बैठक करनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि, जो भी स्मॉग टॉवर स्थापित हैं, वह ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं। इसकी जांच की जाए और मरम्मत सुनिश्चित की जाए।























