
बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच नई दिल्ली फिर से बना दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर हैल्थ विभाग ने जारी की एडवाइजरी
चंडीगढ़, 6 नवंबर (विश्ववार्ता) लगातार बढते प्रदूषण के कारण एक बार फिर से दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। वहीं अब सिटी ब्यूटीफुल और आसपास के एरिया में हालात बिगड़ रहे है, जिसके स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अधिक न बढ़े, इसे लेकर हैल्थ विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से अपील की हैं कि वह उन एरिया से दूर रहें, जहां पर अधिक प्रदूषण हैं, जिसमें स्लो व हैवी ट्रैफिक -वाली सडक़ें, इंडस्ट्रीज व कंस्ट्रक्शन साइट्स शामिल हैं। साथ ही लोगों को सुबह और देर शाम सैर न करने की भी सलाह दी गई है। लोगों से घरों के अतिरिक्त दरवाजे व खिड़कियां भी न खोलने की अपील की गई है। वेंटिलेशन के लिए केवल दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक के लिए जरूरत पडऩे पर ऐसा करने के लिए कहा गया है। आदेशों के अनुसार लोग लकड़ी, कोयला, पशुओं का गोबर, मिट्टी का तेल जैसे बायोमास जलाने से बचें। खाना पकाने और हीटिंग उद्देश्यों के लिए स्वच्छ धुआं रहित ईधन (गैस या बिजली) का उपयोग करें। बायोमास का उपयोग कर रहे है, तो साफ स्टोव का ही प्रयोग करें।
सर्दियों के दौरान बंद कमरों में अंगीठी में लकड़ी व कोयला जलाने से बचें, जो घातक हो सकता है। लोगों को पटाखे न जलाने की भी सलाह दी गई है, जबकि यू.टी. प्रशासन ने इस बार फैस्टीवल सीजन के दौरान सीमित समय के लिए ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी थी। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की लकड़ी, पत्ते, फसल अवशेष और कचरे को भी न जलाने की अपील की गई है। सिगरेट, बीड़ी और संबंधित तम्बाकू उत्पादों का सेवन न करने के साथ ही बंद परिसर में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती भी न जलाने की अपील की गई है।























