
हरियाणा की धरती पर आज दिल्ली सीएम केजरीवाल और सीएम भगवंत मान भरेंगे हुंकार
शहर में लगे एसवाईएल को लेकर केजरीवाल के खिलाफ पोस्टर
चंडीगढ़,5 नवंबर (विश्ववार्ता) हरियाणा की राजनीतिक राजधानी चुनावों को देखते हुए पूरी तरह से गर्माने लगी है आज रोहतक जिले मे आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान हुंकार भरेंगे। प्रदेश भर के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सियासी संदेश देकर जोश का संचार करेंगे। साथ ही प्रदेश में वार्ड अध्यक्ष बनाए गए 11 हजार नए कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई जाएगी।
पार्टी रोहतक लोकसभा सीट से 2014 में 46 हजार 759 वोट हासिल कर चुकी है। जबकि जजपा से गठबंधन के चलते 2019 में रोहतक से चुनाव नहीं लड़ा था। अब पार्टी 2024 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है।
प्रदेश के साथ दिल्ली के बाद पंजाब में सरकार बना चुकी आम आदमी पार्टी का पूरा फोकस अब हरियाणा पर है। इसके लिए पार्टी ने सियासी गतिविधियों का केंद्र रोहतक को बनाया है। राजनीति गलियारों में कहा जाता है कि रोहतक से दिया जाने वाला संदेश पूरे प्रदेश की राजनीति को प्रभावित करता है।
पार्टी की तरफ से आज पुराने आईटीआई मैदान में कार्यकर्ता शपथ ग्रहण समारोह होगा। कार्यकर्ताओं के शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले शनिवार को शहर में जगह-जगह एसवाईएल के मुद्दे को लेकर केजरीवाल के खिलाफ पोस्टर लगे मिले। इससे खुफिया विभाग तक सक्रिय हो गया, लेकिन यह पता नहीं लग सका कि पोस्टर किसने लगाए हैं।























