
विश्व कप 2023 मे दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को हराकर हासिल की छठी जीत
चंडीगढ़, 2 नवंबर (विश्ववार्ता) दक्षिण अफ्रीका ने विश्व कप में छठी जीत हासिल करते हुए न्यूजीलैंड को 190 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अफ्रीकी टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई। उसके अब 12 अंक हो गए। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड को एक पायदान का नुकसान हुआ। वह तीसरे से चौथे स्थान पर आ गया। सात मैचों में उसकी यह तीसरी हार है। उसके खाते में आठ अंक हैं। विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे बाकी बचे दोनों मैचों में जीत हासिल करनी होगी। एक मैच जीतने पर उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना पड़ेगा। न्यूजीलैंड की टीम चार नवंबर को पाकिस्तान और नौ नवंबर को श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका को अंतिम दो मैच भारत (पांच नवंबर) और अफगानिस्तान (10 नवंबर) के खिलाफ खेलना है।
न्यूजीलैंड को कप्तान टॉम लाथम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में चार विकेट पर 357 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 35.3 ओवर में 167 रन पर सिमट गई। उसके सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। ग्लेन फिलिप्स ने 50 गेंद पर 60 रन बनाए। विल यंग ने 33 और डेरिल मिचेल ने 24 रन बनाए। रचिन रवींद्र और ट्रेंट बोल्ट ने नौ-नौ रन, मिचेल सैंटनर और टिम साउदी ने सात-सात रन, टॉम लाथम ने चार और डेवोन कॉन्वे ने दो रन बनाए। जेम्स नीशम शून्य पर आउट हुए। मैट हेनरी खाता खोले बगैर नाबाद रहे।





















