
हरियाणा के नूंह में पथराव और फायरिंग के बाद हालात बने तनावपूर्ण
5 की मौत: नूंह में 2 दिन का कर्फ्यू; 6 जिलों में धारा 144, इंटरनेट बंद
पूरे इलाके में पैरामिलिट्री की 13 कंपनियां तैनात
उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा: सीएम मनोहर लाल
चंडीगढ़, 1 अगस्त (विश्ववार्ता) हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हिंसा और बवाल के बाद तनाव बना हुआ है। नूंह में दो दिन के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। हालात पर काबू पाने के लिए पूरे इलाके में पैरामिलिट्री की 13 कंपनियां तैनात की गई हैं। उधर, नूंह से सटे राजस्थान के भरतपुर में भी अलर्ट जारी किया गया है। यहां के 4 इलाकों में भी इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
हरियाणा के सीएम ने आगे कहा कि उपद्रवियों ने पुलिस पर भी आक्रमण किया और उस यात्रा को भंग करने का प्रयास किया। गाड़ियों को आग लगाई गई और आगजनी की घटना कुछ स्थानों पर सामने आई है। फिलहाल नूंह समेत सभी जगह स्थिति सामान्य है। अभी तक कई एफआईआर दर्ज की गई हैं, कुल 70 लोगों को अभी तक हिरासत में लिया गया है। कुल पांच लोग की मौत की अभी तक सूचना है, जिनमें दो पुलिसकर्मी और तीन आम नागरिक हैं।
CM मनोहर लाल ने नूंह में उत्पन्न हुई स्थिति पर बैठक की। उन्होंने कहा कि नूंह में जो कुछ भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है, घटना का पता लगते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासन को तुरंत भेजा गया। एक सामाजिक यात्रा जो हर वर्ष निकलती है जिसके ऊपर कुछ लोगों ने आक्रमण किया। पुलिस को भी निशाना बनाया गया। सुनियोजित और षडयंत्र पूर्ण तरीके से यात्रा को भंग किया गया, जो बड़ी साजिश की तरफ इशारा करती है।























