
पंजाब मे बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति में सुधार के लिए युद्ध स्तर पर कार्य जारी
स्टाफ 24 घंटे सक्रिय, हजारों लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे
चंडीगढ़, 17 जुलाई (विश्ववार्ता) पंजाब मे गत दिनो आई भीषण बारिश के बाद सूबे के 15 जिले इस समय भीषण बाढ की चपेट मे है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिए निर्देशों अनुसार 26, 191 बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राज्य में कुल 148 राहत कैंप चल रहे है, जिन में 3731 लोग ठहरे हुए है। प्रवक्ता ने बताया कि 15 जिलों के 1414 गांव अभी भी बाढ़ से प्रभावित है। इस समय बाढ़ से प्रभावित 15 जिलों में तरनतारन, फिरोजपुर, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, होश्यारपुर, रूपनगर, पटियाला, मोगा, लुधियाना, मोहाली, एस.बी.एस.नगर, फाजिल्का, जालंधर, कपूरथला और संगरूर शामिल है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों अनुसार सरकारी स्टॉफ कीमती मानवीय जान और संपत्ति की रक्षा करने के लिए राज्य में मूसलाधार बारिश कारण पैदा हुई स्थिति में सुधार के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। लोगों के स्वास्थ्य को मुख्य रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे सक्रियता के साथ काम कर रही है। इस समय 316 रैपिड रिस्पांस टीमें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रही है और 189 मैडीकल कैंप लगा कर मरीजों को मुफ्त दवाएं दी जा रही है। राजस्व विभाग की तरफ से अलग- अलग जिलों से प्राप्त रिपोर्टों अनुसार राज्य में बाढ़ कारण कुल 32 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 3 अभी भी लापता है।























