
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल से जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चंडीगढ़, 22 जून (विश्ववार्ता)केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 23-24 जून को जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जम्मू और श्रीनगर में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। जम्मू में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विचारक और भारतीय जन संघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्प चक्र अर्पित करने के साथ जम्मू-कश्मीर के दौरे की शुरुआत करेंगे।
वह कुछ लोगों को गोल्डन कार्ड भी सौंपेंगे। गृहमंत्री के दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। बुधवार को दिल्ली से सुरक्षाकर्मियों की विशेष टीमें भी जम्मू पहुंच गई हैं। इन टीमों के अधिकारियों ने बुधवार को सुरक्षाबलों, खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ एडवांस सिक्योरिटी लाइजनिंग की प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। ये टीमें उन सभी जगहों की सुरक्षा जांचने पहुंची जहां अमित शाह को जाना है।























