
पंजाब विजिलेंस ने सब इंस्पेक्टर को 6000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में किया गिरफ्तार
चंडीगढ़, 21 जून (विश्ववार्ता) पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आज बडी कार्रवाई करते हुए मेहरबन थाने में तैनात सहायक सब इंस्पेक्टर (एएसआई) अरुण कुमार को राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम के तहत एक मजदूर से 6000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उक्त एएसआई को मजदूर (पल्लेदार) किरपा शंकर निवासी पंजाबी बाग, लुधियाना की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया और आरोप लगाया कि उक्त पुलिसकर्मी पिछले कुछ महीनों से बार-बार रिश्वत की मांग कर उसे परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त एएसआई ने उनके (शिकायतकर्ता) खिलाफ थाना मेहरबान में आईपीसी की धारा 365,323/34 के तहत दर्ज प्राथमिकी संख्या 163/2020 में उनकी जमानत रद्द करने की धमकी देकर उनसे किश्तों में 25 हजार रुपये की रिश्वत पहले ही ले ली है। इस मामले में एएसआई अरुण कुमार जांच अधिकारी थे। उक्त मामले में शिकायतकर्ता को 9/02/2021 को अग्रिम जमानत दी गई थी।





















