
पंजाब मे 5 साल तक के बच्चों के आधार कवरेज को बढ़ाने के मुख्य सचिव विजय कुमार जांजुआ ने दिये निर्देश
चंडीगढ़, 21 जून (विश्ववार्ता) पंजाब के मुख्य सचिव विजय कुमार जांजुआ ने पांच साल तक के बच्चों के आधार कवरेज को बढ़ाने के लिए निर्देश दिए कि इन बच्चों का आधार नामांकन राज्य के आम आदमी क्लीनिकों में भी किया जाए। यह बात मुख्य सचिव जंजुआ ने आधार कार्ड परियोजना के तहत विभिन्न गतिविधियों की प्रगति के संबंध में यूआईडी कार्यान्वयन समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
जंजुआ ने कहा कि आधार कवरेज के मामले में पंजाब भारत में पांचवें स्थान पर है। अब बच्चों के लिए आधार बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है, जहां कवरेज सिर्फ 44 फीसदी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 580 आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग अपना इलाज करा रहे हैं। क्लिनिक में मरीजों की भारी संख्या को देखते हुए अब यहां भी आधार नामांकन की सुविधा देने का निर्णय लिया गया है ताकि बच्चों का आधार नामांकन बढ़ाया जा सके। आधार नामांकन करने के लिए क्लिनिक के कर्मचारियों के पास पहले से ही टैबलेट हैं।
मुख्य सचिव ने स्कूल शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को बच्चों के लिए आधार प्रक्रिया में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने विभागों को आधार कार्ड में मोबाइल और निवास का पता अपडेट करने के संबंध में जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति गुरकीरत कृपाल सिंह ने कमेटी के समक्ष आधार प्रोजेक्ट की विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि केवल 5-7 और 15-17 साल अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा मुफ्त है। इसलिए इस उम्र के बच्चों का 100 प्रतिशत बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए रजिस्ट्रार यूआईडी पंजाब द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।























