
घल्लूघारा सप्ताह को देखते हुए पूरे पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पंजाब डीजीपी ने जारी किये निर्देश
चंडीगढ़, 31 मई (विश्ववार्ता) घल्लूघारा हफ्ता हर साल ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के सिलसिले में मनाया जाता है जिसे देखते हुए पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने पूरे पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा निर्देश जारी किये है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डी.जी.पी. गौरव यादव के निर्देश पर सभी पुलिस कमिश्नरों व एस.एस.पी. को अगले 10 दिनों तक पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने के लिए कहा गया है।
गौरतलब है कि पंजाब में 1 से 6 जून के बीच घल्लूघारा सप्ताह आता है। इसी के मद्देनजऱ डी.जी.पी. गौरव यादव ने फील्ड में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अलर्ट रहने और चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। घल्लूघारा सप्ताह से संबंधित कुछ सिख संगठनों के द्वारा हर साल अमृतसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और चेकिंग बढ़ा दी गई है। देश विरोधी और समाज विरोधी तत्वों की साजिशों को नाकाम करने के मकसद से राज्य में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील स्थानों के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों को फील्ड में जाकर काम करने को कहा गया है।























