
हरियाणा में दर्दनाक सडक़ हादसे मे 5 की मौत
चंडीगढ़, 31 मई (विश्ववार्ता) हरियाणा में आज सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बतादें कि, यह हादसा हिसार जिले के हांसी में हुआ। यहां दिल्ली रोड पर बने ढाणा बाइपास के नजदीक एक ट्रक से एक बाइक और कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार और बाइक के परखच्चे उड़ गए और हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि, हादसे में मारे गए दो लोगों की पहचान हो गई है। दोनों में एक का नाम संदीप और एक का नाम प्रदीप है। दोनों जिला रोहतक के रहने वाले थे। वहीं 3 मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिए हैं और हादसे की जांच कर रही है।























