
आम आदमी पार्टी ने भी लोगों से की पंचायती जमीनों से अवैध कब्जा छोड़ने की अपील
-पंजाब के संसाधनों का उपयोग पंजाब के लोगों की भलाई के लिए करना मुख्यमंत्री भगवंत मान का मकसद – मलविंदर सिंह कंग
-कंग ने किया स्पष्ट, गरीब और जरूरतमंद लोगों जिन्होंने पंचायती या सरकारी जमीनों पर घर बनाया हुआ है, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी
चंडीगढ़, 20 मई (विश्ववार्ता) :पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा सरकारी जमीनों से अवैध कब्ज़े हटाने के लिए कब्ज़ाधारकों को 31 मई तक जमीन खाली करने के अल्टीमेटम देने के फैसले की आम आदमी पार्टी ने तारीफ की है। पार्टी ने कहा कि पंजाब की तरक्की और विकास के लिए लोगों को अवैध कब्जे छोड़ देना चाहिए।
शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान सत्ता में बैठे लोग पंजाब की प्राकृतिक संपत्ति और संसाधनों का उपयोग अपने व्यक्तिगत स्वार्थ की पूर्ति के लिए करते थे। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान का मकसद है कि पंजाब के संसाधनों का उपयोग पंजाब के लोगों की भलाई के लिए किया जाए।
कंग ने कहा कि अवैध कब्ज़ों से ज़मीन को मुक्त करवाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। पिछली अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकारों के दौरान रसूखदार लोगों ने नियमों का उल्लंघन कर महँगी सरकारी ज़मीनों पर अवैध कब्ज़े किए थे, जिससे राज्य को काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा। अब पंजाब को फिर से पटरी पर लाने के लिए और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मान सरकार ने सरकारी जमीनों से अवैध कब्जा छुड़ाने की मुहिम शुरू की है।
कंग ने लोगों से अपील की कि पंजाब का एजेंडा विकास को गति देने वाला और सकारात्मक होना चाहिए। इसलिए अब लोगों का भी दायित्व बनता है कि पंजाब के विकास और तरक्की के लिए लोग लोभ मोह से ऊपर उठकर सरकारी जमीनों से अवैध कब्जा छोड़े और उसे पंजाब सरकार को वापस लौटाएं।
उन्होंने कहा कि जमीनों से अवैध कब्जा मुक्त कराने की मान सरकार की इस मुहिम में किसी को भी बख़्शा नहीं जाएगा चाहे वह कितना भी रसूखदार क्यों न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गरीब और जरूरतमंद लोगों, जिन्होंने पंचायती या सरकारी जमीनों पर घर बनाया हुआ है, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी और उनसे जमीन वापस नहीं ली जाएगी।
——————————





















