
हरमंदिर साहिब के पास हुए धमाकों के मामले को पुलिस ने सुलझाया
आरोपियों को किया गिरफ्तार, डीजीपी पंजाब प्रेस कांफ्रेंस कर करेंगे बड़े खुलासे
चंडीगढ़, 11 मई (विश्ववार्ता) हरमंदिर साहिब में करीब 6 दिन में तीसरी बार धमाका हुआ है। धमाका देर रात 12 बजकर 10 मिनट पर स्वर्ण मंदिर के लंगर हॉल के पास हुआ। अब इस मामले को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है कि पुलिस ने पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली है और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. डीजीपी पंजाब गौरव यादव सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले से जुड़े बड़े खुलासे करेंगे।
बता दें कि बीती रात धमाके की आवाज सुनकर अफरातफरी मच गई। श्री हरमंदिर साहिब के प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस रात में वहां पहुंची और विस्फोट स्थल को सील कर दिया। फॉरेंसिक टीम मौके से सैंपल ले रही है। 2 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लडक़ा-लडक़ी सराय के कमरा नंबर 225 में ठहरे थे। इनके पास से एक संदिग्ध बैग भी बरामद किया गया है।
इससे पहले 6 और 8 मई को हरमंदिर साहिब के पास हेरिटेज स्ट्रीट में धमाका हुआ था। ये दोनों लो डेंसिटी वाले क्रूड बम थे। पहला धमाका 6 मई को रात करीब 12 बजे हेरिटेज स्ट्रीट में हुआ। इस वजह से सारागढ़ी पार्किंग में खिड़कियों पर लगे शीशे चारों तरफ फैल गए। 5 से 6 तीर्थयात्री घायल हो गए। दूसरा धमाका 8 मई को सुबह 6.30 बजे हेरिटेज स्ट्रीट में हुआ। पुलिस ने बताया कि बम कोल्ड ड्रिंक के टिन में रखकर लटकाया गया था। इसमें किसी को नुकसान नहीं हुआ।





















