WFI के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी के लिए पहलवानों का दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना आज 15वें दिन भी जारी
रेसलर्स से मिलने जंतर मंतर पहुंचे टिकैत
दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों को समर्थन देने के लिए किसानों के वहां पहुंचने के मद्देनजर रविवार को प्रदर्शन स्थल और शहर के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है और दिल्ली-गाजीपुर, टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर घेराबंदी बढ़ा दी गई है।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता राकेश टिकैत अपने समर्थकों के साथ पहलवानों के धरना स्थल पर पहुंच गए हैं। उनके साथ दर्शन पाल, हनान मोल्लाह जैसे नेता भी पहुंचे. एसकेएम ने पहलवानों को समर्थन देने की घोषणा की। एसकेएम नेताओं ने मोदी सरकार और बृजभूषण का पुतला जलाने की भी घोषणा की है। किसान नेता राकेश टिकैत ने स्पष्ट किया है कि हम शांतिपूर्वक महापंचायत कर रहे हैं। अगर पुलिस किसानों को हिरासत में लेकर थाने ले गई तो उसी थाने में महापंचायत होगी।
























