
देश भर में धूमधाम से मनाई जा रही ईद
राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं
चंडीगढ़ 22 अप्रैल (विश्व वार्ता): आज पूरे देश में ईद-अल-फितर का त्योहार पूरे धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही लोग प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा कर एक दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दे रहे हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ईद-उल-फित्र की पूर्व संध्या पर नागरिकों को बधाई दी है। उन्होंने सभी से भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लेने के लिए कहा है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ईद सद्भाव की भावना से ओत प्रोत है, जो शांतिपूर्ण और समृद्ध समाज बनाने के लिए हमें प्रेरित करता है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को ईद की शुभकामनाएं दीं। प्रधान मंत्री मोदी ने कहा कि रमजान के दौरान, दुनिया भर के मुसलमानों ने उपवास और प्रार्थना की है। ईद-उल-फित्र के शुभ अवसर पर दुनिया के लोग एकता के मूल्यों को महसूस कर रहे हैं ।
बता दें कि रमजान के पूरे महीने रोजेदारों ने संयम और धैर्य के साथ रोजा रखा और शुक्रवार को ईद के चांद का दीदार होते ही आज सुबह से नमाज अदा कर रहे हैं।शुक्रवार, 21 अप्रैल को रमजान के आखिरी जुम्मे की नमाज यानी अलविदा जुम्मा की नमाज अदा की और शाम में इफ्तार के बाद ईद के चांद का दीदार किया। आज पूरे देश में ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जा रहा है।





















