
जम्मू हाईवे आतंकी हमले मे शहीद हुए जवानों पर सीएम मान ने किया शोक प्रकट
5 शहीदो मे 4 जवान पंजाब से , शहीद होने की खबर सुनते ही पसरा घरो मे सन्नाटा, हर आंख हुई नम
चंडीगढ़ 21 अप्रैल (विश्व वार्ता): जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में कल हुए आतंकी हमले में शहीद हुए 5 में से 4 जवान पंजाब के हैं। यह जवान गुरदासपुर, मोगा, लुधियाना और बठिंडा के रहने वाले हैं। जवानों की शहादत का पता चलते ही उनके घरों में मातम पसरा हुआ है। उनकी पार्थिव देह जल्द उनके पैतृक घर पहुंचेंगी। जहां राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर दु:ख जताया है। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रीय राइफल्स के पांच जवान, चार पंजाब के जवान आतंकी हमले में शहीद हुए थे। अमर रहे सरहदों के रखवाले। ईश्वर परिजनों को संबल प्रदान करें। शहीदों को मेरा प्रणाम।
” सेना के मुताबिक इस क्षेत्र में काउंटर टेररिस्ट ऑपरेशन के लिए तैनात राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के पांच जवान घटना में शहीद हुए हैं। एक अन्य गंभीर रूप से घायल जवान को तुरंत राजौरी के सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।























