
मानहानि केस में राहुल गांधी की अर्जी पर सूरत कोर्ट आज सुना सकती है फैसला
पढिये क्या है पूरा मामला
चंडीगढ़ 20 अप्रैल (विश्व वार्ता) सूरत की एक सत्र अदालत कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘मोदी सरनेम’ वाली टिप्पणी को लेकर आपराधिक मानहानि मामले में उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने की याचिका पर आज अपना आदेश सुना सकती है। वहीं इस मामले में सूरत की अदालत में सुनवाई पूरी हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक अदालत दोपहर तक फैसला सुना सकती है।
पढिये क्या है पूरा मामला
दरअसल, 2019 में मोदी उपनाम को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में 23 मार्च को सूरत की सीजेएम कोर्ट ने धारा 504 के तहत राहुल को दो साल की सजा सुनाई थी। हालांकि, कोर्ट ने फैसले पर अमल के लिए 30 दिन की मोहलत भी दी थी। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक के कोलार की एक रैली में राहुल गांधी ने कहा था, ‘कैसे सभी चोरों का उपनाम मोदी है?’ इसी को लेकर भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था।





















