
पंजाब के इस जिले मे असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस की गाडी ने मासूम को कुचला
परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
चंडीगढ़ 15 अप्रैल (विश्व वार्ता) पंजाब के लुधियाना जिले मे असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस के ड्राइवर ने मासूूम बच्चे को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी अनुसार पता चला कि हादसे के बाद ड्राइवर खुद ही बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचा। जहां से फोन करके परिवार को बताया गया कि बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने इसे कुदरती मौत बताया है। जिससे पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना विकास नगर की गली नंबर 3 की है। बच्चे के चाचा धर्मेश ने बताया कि उनके इलाके में एक सीनियर पुलिस अधिकारी रहते हैं। ड्राइवर ने उनकी कोठी का गेट खोल कर फॉच्र्यूनर गाड़ी बाहर निकाली और आस-पास और पीछे बिना देखे ही गाड़ी बैक करने लगा। इसी दौरान बच्चा गाड़ी के नीचे कुचला गया। वहीं जब घटना वाली जगह पर लोगों ने खून बिखरा देखा और ड्राइवर को पूछा तो उसने कहा कि बिल्ली मर गई है। धर्मेश ने बताया कि उन्हें अस्पताल से फोन आया कि उनके बच्चे की मौत हो गई है। परिवार का रो-रो कर बुराहाल है। धर्मेश ने बताया कि वह अस्पताल पहुंचा तो उन्हें पूरा मामला साफ हुआ। घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंची है।























