पंजाब मे आज से शुरू हो रही है सीएम दी योगशाला
आज दिल्ली सीएम केजरीवाल व सीएम मान पहुंच रहे है पटियाला
चंडीगढ़, 5 अप्रैल (विश्व वार्ता) :दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज पटियाला दौरे पर होगें जहां ये दोनों नेता मुख्यमंत्री सूबे मे ‘सीएम दी योगशाला’ प्रोजेक्ट का आगाज करेंगे। पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि मेडिटेशन, प्राणायाम और योगा अभ्यास के जरिये लोगों को बीमारियों से बचाने के लिए पहले चरण में पटियाला, अमृतसर, फगवाड़ा और लुधियाना में ‘सीएम दी योगशाला’ बनाई जा रही हैं। बाद में इस प्रोजेक्ट को पूरे पंजाब में लागू किया जाएगा।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि जो लोग अपने गांवों और मोहल्लों में यह योगशाला खुलवाना चाहते हैं, वह हेल्पलाइन नंबर 76694- 00500 पर एक मिस कॉल दे सकते हैं। इसके लिए पंजाब सरकार योगा अध्यापक का मुफ्त प्रबंध करेगी। लोगों को योगा जरूर और रोज करने का खुला न्योता देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान लोगों को हंसने की असली वजह दे रहे हैं और सीएम योगशाला भी इसी कड़ी का एक अहम हिस्सा है। उन्होंने बताया कि श्री गुरु रविदास आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी से 60 नौजवानों को योगा की ट्रेनिंग दी गई है, जिससे वह जोड़ों के दर्द, मधुमेह, बीपी और अच्छे स्वास्थ्य के लिए योग्य अभ्यास विधिवत तरीके से करवा सकें।