
प्रदेश सरकार बेसहारा गौवंश के पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध – जेपी दलाल
पंचकूला में पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा
चण्डीगढ़ , 11 जनवरी – हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री जे.पी दलाल ने कहा कि प्रदेश सरकार बेसहारा गौवंश के पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है। जिसके लिए पंचकूला जिले में तौर पर एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा ताकि गौवंश को एक निश्चित स्थान पर रखा जा सके।
श्री दलाल ने यह बात आज बेसहारा गौवंश के पुनर्वास को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता के दौरान कही। इस अवसर महामण्डलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री कमल गुप्ता भी उपस्थित रहे ।
श्री दलाल ने कहा कि प्रदेश की गौशालाओं में गाय के गोबर से जैविक खाद, पेंट, फोम और गौमूत्र से फिनाईल तैयार किया जा रहा है, जो आत्मनिर्भरता अभियान को बढ़वा दे रहा है। इससे गौशालाओं को लाभ के साथ जहां जैविक खेती को बढ़ावा मिलेगा वही जमीन की उर्वरा शक्ति भी बढेगी। कृषि मंत्री ने कहा कि बेसहारा गौवंश की एक स्थान पर व्यवस्था होने से सडक दुर्घटना और किसानों के खेतो में होने वाले नुकशान पर भी अकुंश लगेगा। उन्होंने कहा कि गौ सेवा के लिए धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जाए।
कृषि मंत्री ने कहा कि गाय आदिकाल से हमारे लिए पूजनीय रही है। वेदों में गाय की महिमा का व्यापक उल्लेख है। हमारे यहां गाय को माता का दर्जा प्राप्त है। हमे गौवंश के महत्व को समझना होगा तथा उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए पुख्ता कदम उठाने होंगे, ताकि हम अपनी अमूल्य निधि गौधन को सुरक्षित रख सकें। उन्होने कहा कि गाय का दूध तो अमृत है ही, गौमूत्र तथा गोबर को भी भारतीय चिकित्सा पद्धति के अनुसार बड़ा उपयोगी माना गया है।
इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्री श्रवण कुमार गर्ग, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के उप अतिरिक्त प्रधान सचिव श्री के.एम पांडुरंग, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार श्री भारत भूषण भारती सहित विकास एवं पंचायत, शहरी स्थानीय निकाय तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहें।





















