
विकास कार्यों की गुणवत्ता के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा – देवेंद्र सिंह बबली
चंडीगढ, 8 जनवरी (विश्ववार्ता):प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा है कि गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए विशेष रूप से काम करवाए जा रहे हैं। हर घर शुद्ध जल पहुंचे, इसके लिए पेयजल सप्लाई को सुदृढ़ किया जा रहा है व जरूरत के अनुसार नए जलघरों का निर्माण भी करवाया जा रहा है।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने रविवार को टोहाना विधानसभा के अनेक गांवों का दौरा कर 23 जनवरी को गांव बिढ़ाई खेड़ा में नेता जी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आयोजित होने वाले मधुर मिलन समारोह के लिए निमंत्रण दिया व ग्रामीण जनसभाओं को संबोधित किया।
श्री बबली ने कहा कि ग्राम वासियों में मधुर मिलन समारोह को लेकर पूरा जोश व उत्साह है। हलका वासी नेता जी की जयंती के अवसर पर होने वाला समारोह धूमधाम से मनाएंगे व हलके की एकजुटता और आपसी भाईचारे का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि मधुर मिलन समारोह में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व उप-मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला हलके में कई परियोजनाओं का उद्घाटन कर सौगात देंगेे।
विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल से नल पहुंचाने की मुहिम चलाने के साथ-साथ विकास को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इसलिए ग्रामवासी कमेटी बनाकर यह सुनिश्चित करें कि सड़क बनने से पहले सभी सड़कों में पीने के पानी की पाइप लाइन सहित सभी कार्य योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण करवाये जाएं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा जीरो टोलरेंस की नीति के साथ विकास कार्य करवाये जा रहे हैं। विकास कार्यों में गुणवता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी विकास कार्य समयबद्घ तरीके से पूरे करवाए जाएंगे। उन्होंने ग्राम वासियों द्वारा रखी गई जन समस्याएं सुनी और उनके निवारण के लिए मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए।





















