
इस नववर्ष में इन राज्यों में होगा लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल
चंडीगढ, 2 जनवरी (विश्ववर्ता) 2023 का नया साल नई खुशियां व नई उमंगे लेकर आ चुका है वही 2023 मे कई राज्यों में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव हो सकते है जोकि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का ‘सेमी-फाइनल’ माने जा रहे है। पूर्वोत्तर के राज्यों के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में भी इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। पूर्वोत्तर राज्यों-नगालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में सबसे पहले विधानसभा चुनाव होंगे।
संभावना है कि इन राज्यों में फरवरी-मार्च में चुनाव होंगे। इनकी विधानसभाओं का कार्यकाल मार्च में अलग-अलग तारीखों को खत्म हो रहा है। त्रिपुरा में जहां भाजपा की सरकार है, वहीं नगालैंड में ‘नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव’ पार्टी सत्ता में है। नेशनल पीपुल्स पार्टी की मेघालय में सरकार है, जो पूर्वोत्तर की एकमात्र पार्टी है जिसे राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त है।























