नोटबंदी के 6 साल बाद सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला आया
सुप्रीम कोर्ट ने सभी 58 याचिकाओं को किया खारिज
चंडीगढ, 2 जनवरी (विश्ववर्ता) सुप्रीम कोर्ट ने आज नोटबंदी पर अपना फैसला सुनाया है। केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने सही ठहराया है। कोर्ट ने केंद्र की मोदी सरकार की नोटबंदी को चुनौती देने वाली सभी 58 याचिकाओं को खारिज कर दिया है। शीर्ष कोर्ट ने केंद्र सरकार के 2016 में 500 रुपये और 1000 रुपये के नोटों को बंद करने के फैसले को बरकरार रखा है। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि नोटबंदी से पहले केंद्र और आरबीआई के बीच सलाह-मशविरा हुआ था। कोर्ट का कहना है कि हम मानते हैं कि नोटबंदी आनुपातिकता के सिद्धांत से प्रभावित नहीं हुई थी।