
देश में बढ़ती नफरत पर सुप्रीम कोर्ट सख्त
”ये 21वीं सदी है, हम धर्म के नाम पर कहां पहुंच गए हैं ?
कहा देश पर घृणा का माहौल हावी हो गया है
चंडीगढ,22 अक्तूबर (विश्ववार्ता ) सुप्रीम कोर्ट ने नफरती भाषण को लेकर सख्त टिप्पणी की है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा यह 21वीं शताब्दी है, धर्म के नाम पर हम कहां पहुंच गए हैं। हेट स्पीच को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने कहा कि देश के हालात आश्चर्यचकित करने वाले हैं, देश को धर्म निरपेक्ष होना चाहिए था। बता दें कि केंद्र और राज्य सरकारों से सुप्रीम कोर्ट ने भारत में मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाने और उन्हें डराने को रोकने के लिए त्वरित हस्तक्षेप करने को लेकर जवाब मांगा था।
न्यायमूर्ति के. एम. जोसेफ और न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय की पीठ ने शाहीन अब्दुल्ला की याचिका पर नोटिस जारी करते हुए पीठ ने कहा कि समाज में नफरत फैलाने वाले भाषण और बयान देने वाला चाहे किसी भी मजहब के हों, संबंधित अभियुक्तों के खिलाफ सख्त कारर्वाई किए जाने की जरूरत है।























