
कल होगी पंजाब सीएम मान व हरियाणा सीएम के बीच एस.वाई.एल. नहर सम्बन्धी अहम बैठक
पंजाब सरकार अपना पक्ष ज़ोरदार ढंग से रखेगी: सीएम भगवंत मान
कहा, राज्य सरकार पूरी तैयारी के साथ बैठक में होगी शामिल
चंडीगढ़, 13 अक्तूबर (विश्ववार्ता ) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर के बीच कल सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर सम्बन्धी अहम बैठक होने जा रही है।
पंजाब सीएम मान ने कहा कि यह मीटिंग सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ हो रही है। उन्होंने कहा कि मीटिंग में राज्य के हितों की पूरी तरह से रक्षा की जायेगी और राज्य सरकार इस मुद्दे पर पंजाब का पक्ष ज़ोरदार ढंग से रखेगी। भगवंत मान ने कहा कि वह इस मामले पर राज्य के अधिकारों की सुरक्षा पूरी तरह से सुनिश्चित बनाने के लिए मीटिंग में पूरी तैयारी से जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पिछली सरकारों के नेताओं के उलट, जो आम तौर पर ऐसी महत्वपूर्ण मीटिंगों से बचते रहे हैं, वह मीटिंग में पूरी तैयारी के साथ जाएंगे। भगवंत मान ने कहा कि वह राज्य के हितों की रक्षा के लिए पूरी तैयारी के बाद ही मीटिंग में जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस हफ़्ते के अंत में होने वाली इस मीटिंग के नतीजों संबंधी कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाज़ी होगी।























