
हरियाणा के कैथल जिले मे इंसानियत शर्मसार
7 साल की मासूम बच्ची का रेप कर जिंदा जलाया
आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़, 10 अक्तूबर (विश्ववार्ता): हरियाणा के कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में कल दोपहर से लापता हुई 7 साल की बच्ची का अधजला शव रविवार को गांव से लगे जंगल में बरामद किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। उसके बाद पेट्रोल डालकर शव को जलाने का प्रयास किया गया। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर एसपी मकसूद अहमद ने रविवार की शाम पत्रकारवार्ता कर उक्त मामले का खुलासा किया। आरोपी को भांदसं की धारा 376(बी), 376(ए)(बी), 366ए, 302, 201 तथा 6 पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश करके आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। पुलिस द्वारा आरोपी से व्यापक पुछताछ की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की गई तो कड़ी से कड़ी मिलती गई और पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। दिहाड़ी मजदूरी का काम करने वाले युवक की दूसरी कक्षा में पढऩे वाली सात साल की बच्ची शनिवार को करीब 2 बजे गायब हो गई थी। बच्ची के परिजनों व ग्रामीणों ने शनिवार सायं को पूरे गांव में तलाश किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला था। बाद में ग्रामीणों की पंचायत कर पुलिस को दी शिकायत दी गई थी तथा सर्च अभियान चलाने की मांग की थी।






















