
हरियाणा सरकार ने पांचवीं के पाठ्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्रियो की जीवनियोंं को हटाया
विपक्ष का कडा विरोध
चंडीगढ, 12 अगस्त (विश्ववार्ता): हरियाणा की खट्टर सरकार ने स्कूली पाठ्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्रियों और महाराजा अग्रसेन की जीवनियों को हटा दिया है। नए पाठ्यक्रम में इनकी जीवनी न होने पर विपक्ष और समाज में नाराजगी है। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा, पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल और एडवोकेट विजय बंसल ने विरोध जताते हुए इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
कक्षा पांचवीं की हिंदी पुस्तक में पाठ संख्या 11 पर महाराजा अग्रसेन की जीवनी थी। पाठ संख्या 14 पर हरियाणा के गौरव के नाम से सर छोटू राम, प्रथम मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल शर्मा, पूर्व सीएम चौधरी देवीलाल, चौधरी बंसी लाल, राव बीरेंद्र सिंह व चौधरी रणबीर सिंह की जीवनी को पढ़ाया जा रहा था। 2020 में लागू किए नए पाठ्यक्रम में से इन्हें चुपचाप हटा दिया गया।






















