
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए आज होगी वोटिंग
आज ही मिल जायेगा देश को नया उपराष्ट्रपति
चंडीगढ, 6 अगस्त (विश्ववार्ता) आज उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान होगा. भाजपा के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ की टक्कर विपक्ष की मार्गरेट अल्वा से है. संसद भवन में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा. इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू की जाएगी. देर शाम तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे. भाजपा अपने दम पर धनखड़ को चुनाव जिताने की स्थिति में दिखाई दे रही है. पार्टी के पास लोकसभा में 303 तो राज्यसभा में 91 सदस्य हैं. तृणमूल कांग्रेस के मतदान से दूर रहने की घोषणा के बीच ममता बनर्जी ने आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी की है. बता दें कि वर्तमान उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त होने जा रहा है।























