
चंडीगढ़, 3 अगस्त: (विश्व वार्ता) भारतीय जनता पार्टी ने पैसों की कमी के चलते लोगों को मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं देने में विफल रही पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की निंदा की है।
यहां जारी एक बयान में, पंजाब भाजपा महासचिव डॉ सुभाष शर्मा ने कहा कि आप सरकार को हिमाचल प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में करोड़ों रुपए खर्च करने की बजाय अलग-अलग अस्पतालों की बकाया राशि को अदा करना चाहिए, जो अब मरीजों को भर्ती करने से मना कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि यह पंजाब के लिए हैरानीजनक और शर्मनाक है कि पीजीआई चंडीगढ़ पंजाब सरकार द्वारा बकाया ना अदा करने के चलते मरीजों को भर्ती करने से मना कर रहा है।
डॉ शर्मा ने खुलासा किया कि यहां तक कि सरकारी के साथ-साथ निजी क्षेत्र के अन्य प्रमुख अस्पतालों ने पंजाब से संबंधित मरीजों का इलाज करना मना बंद कर दिया है क्योंकि बीते 7 महीनों से अदायगी नहीं हो रही और राज्य सरकार डिफाल्टर हो चुकी है।
भाजपा नेता ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आप सरकार की पूरी तरह नाकामी के चलते पंजाब के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आयुष्मान भारत स्कीम का फायदा नहीं मिल रहा।
डॉ शर्मा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपना घर ठीक करने और गुजरात व हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ने के लिए विज्ञापनों पर फंड बर्बाद करने की बजाय पंजाबियों की सेहत का ध्यान रखने के लिए कहा है, जो पीजीआई चंडीगढ़ सहित अन्य अस्पतालों से भी इलाज नहीं करवा पा रहे।























