
हिमाचल प्रदेश में बड़ा दर्दनाक हादसा
पंजाब के सात युवकों की गोबिंद सागर झील में डूबने से दर्दनाक मौत
चंडीगढ़, 2 अगस्त (विश्ववार्ता) हिमाचल प्रदेश मे बडा ही दर्दनाक हादसा हुआ है। हिमाचल के ऊना जिले में सावन के महीने में मंदिरों में दर्शन करने के लिए पंजाब से आए सात युवकों की गोबिंद सागर झील में डूबने से मौत हो गई है। ये सभी झील में नहाने के लिए उतरे थे और तैरना नहीं जानते थे। झील की गहराई का अंदाजा न होने के कारण अचानक एक युवक डूबने लगा तो अन्य ने चेन बनाकर बचाने की कोशिश की। लेकिन देखते ही देखते सभी झील में डूब गए। गोताखोरों ने झील से सातों के शव निकाल लिए हैं। ये सभी मोहाली जिला के बनूड़ के रहने वाले थे। हादसे में दो परिवारों ने अपने दो-दो बेटे खोए हैं जबकि चार आपस में चाचा-भतीजा लगते थे। यह हादसा सोमवार को दोपहर बाद करीब 3:45 बजे जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर बंगाणा उपमंडल के कोलका में हुआ है। बताया जा रहा है कि चार बाइकों में सवार होकर 11 युवक यहां पहुंचे थे। ऊना के पीरनिगाह के बाद कोलका स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर में माथा टेकने के बाद सभी को बाबा बालक नाथ मंदिर और वहां से नयना देवी होते हुए वापस जाना था।























