
अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के चेयरमैन सुखपाल सिंह खैरा करेंगे देशव्यापी दौरा
किसान– मजदूरों के लिए सड़क से लेकर सदन तक लड़ेंगे : सुखपाल सिंह
संगठन का होगा कायाकल्प, कर्मठ काम करने वालों को मिलेगी पद्दोन्नति
नई दिल्ली,31 जुलाई अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के नव नियुक्त चेयरमैन सरदार सुखपाल सिंह खैरा किसान और मजदूरों की समस्याओं को जानने और उनका साथ देने के लिए देशव्यापी दौरा करेंगे। इस बात का ऐलान सुखपाल सिंह खैरा ने किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और विभिन्न राज्यों के चेयरमैनों की 24 अकबर रोड स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय में 2 दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने कहा कि वे किसान और मजदूरों की सड़क से लेकर सदन तक मुस्तैदी से लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का जितना मर्जी दुरुपयोग कर ले लेकिन वे कतई विचलित नहीं होंगे और हर हाल में सरकार की जन विरोधी नीतियों का डटकर विरोध करेंगे।
सरदार सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि किसान कांग्रेस के निवर्तमान चेयरमैन नाना पटोले की टीम के सभी साथी बधाई के पात्र हैं जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में पार्टी का झंडा बुलुन्द रखा है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही संगठन का पुनर्गठन करेंगे और जिस भी पदाधिकारी ने पिछले 4 साल में कर्मठता से काम किया है उन्हें निश्चित तौर पर पदोन्नति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी कुछ समय में किसान कांग्रेस द्वारा एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें कांग्रेस के शीर्ष नेता भी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि वे किसान कांग्रेस को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस कमेटी में अग्रणी संगठन के रूप में शामिल करने का पुरजोर प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानूनों को लेकर देश के किसान और मजदूरों के साथ बड़ा धोखा किया है। ना ही आज तक एमएसपी की गारंटी दी गई है और ना ही पीड़ित किसानों को सहायता दी है। यहां तक कि एमएसपी के लिए केंद्र ने जो कमेटी गठित की है उसमें ऐसे लोगों को शामिल किया गया है जो पहले से तीन काले कानूनों के पक्षधर रहे हैं इसलिए संयुक्त किसान मोर्चा ने इस कमेटी को सिरे से नकार दिया है। किसान कांग्रेस देश के किसानों के लिए अविलंब स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को सी2 फॉर्मूले के साथ लागू करवाते हुए एमएसपी की गारंटी दिलवाने के लिए संघर्ष करेगी।
इससे पहले आज सुबह से ही किसान कांग्रेस के पदाधिकारी कांग्रेस मुख्यालय पर जुटना शुरू हो गए थे। करीब 11.30 बजे किसान कांग्रेस के नव नियुक्त चेयरमैन सरदार सुखपाल सिंह खैरा के आगमन पर उनका पटका पहनाकर और फूलमालाओं से अभिनंदन किया गया। तेलंगाना से पूर्व विधायक व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कोदंडा रेड्डी ने किसान कांग्रेस के चेयरमैन पद पर सुखपाल सिंह खैरा की नियुक्ति पर कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव के. सी वेणुगोपाल का धन्यवाद किया गया और सुखपाल सिंह खैरा के मनोनयन का प्रस्ताव रखा जिसका केरल प्रदेश किसान कांग्रेस के चेयरमैन लाल वर्गीस ने अनुमोदन किया और सभी पदाधिकारियों ने हाथ खड़े करके अनुमोदन किया।
सिलसिलेवार देशभर से आये किसान कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपने प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को रखा। तेलगांना में 20 लाख एकड़ जमीन जलभराव से खराब होने और राज्य सरकार द्वारा किसी प्रकार की सहायता ना होने मुद्दा रखा गया वहीं बड़े औधोगिक घरानों द्वारा हिमाचल में सेब उत्पादन करने वाले किसानों से लूट की चर्चा की गई। उत्तरप्रदेश में गन्ने के बकाया राशि का लंबे समय से भुगतान ना होने और हरियाणा में बेरोजगारी की बढ़ती दर को लेकर चिंता जाहिर की गई। पंजाब में बढ़ते नशे के साथ कई डिस्टलरियों का दूषित जल नहरों में डालने और उसका राजस्थान तक दुष्प्रभाव का मुद्दा भी बैठक में जोरशोर से उठा वहीं उड़ीसा में प्रधानमंत्री फसल बीमा की राशि का भुगतान ना होने बात सामने आई। किसान कांग्रेस के चेयरमैन सुखपाल सिंह खैरा ने सबकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनकर कहा कि वे अपने दौरे के दौरान इन सब मुद्दों को उठाते हुए केंद्र के साथ प्रदेश सरकारों पर इनके समाधान के लिए दवाब बनाने का भरसक प्रयास करेंगे।






















