
हरियाणा के पूर्व CM ओम प्रकाश चौटाला की सजा पर फैसला आज
जानिए क्या-क्या हुआ?
चंडीगढ, 27 मई (विश्व वार्ता) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला पर सजा की तलवार एक बार फिर लटक गई है। जानकारी के मुताबिक आज ओम प्रकाश चौटाला की सजा पर कोर्ट में फैसला सुनाया जाएगा। दरअसल, ओम प्रकाश चौटाला अब आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी पाए गए हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कल इस पूरे मामले में सजा सुनाने की बहस पर सुनवाई हुई।
ओम प्रकाश चौटाला ने मांगी राहत…
मिली जानकारी के अनुसार, आज की सुनवाई में भी ओम प्रकाश चौटाला कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान उनके वकील के तरफ से ओम प्रकाश चौटाला को राहत देने की दलील दी गई।राहत देने की मांग पर यह दलील रखी गई कि ओम प्रकाश चौटाला की अब उम्र बहुत ज्यादा है और अब वह शरीर से असमर्थ हैं। इसलिए उन्हें सजा में राहत दी जाए। लेकिन इधर सीबीआई की तरफ से कोर्ट में ओम प्रकाश चौटाला के वकील की दलीलों का विरोध किया गया।
सीबीआई की तरफ से कोर्ट में कहा गया कि ओम प्रकाश चौटाला को अधिकतम सजा दी जानी चाहिए क्योंकि इससे समाज में एक संदेश जाएगा। ऐसा इसलिए कि ओम प्रकाश चौटाला एक सार्वजनिक व्यक्ति है। पर अगर उन्हें न्यूनतम सजा मिलती है तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा। सीबीआई ने दलील दी कि ओम प्रकाश चौटाला का पुराना इतिहास साफ नहीं है, यह दूसरा मामला है जिसमें उन्हें दोषी ठहराया गया है।





















