छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती आज, सोशल मीडिया पर लोग कर रहे याद
Punjab। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के दिन शनिवार को पूरा देश उन्हें याद कर रहा है। भारतीय इतिहास के पन्नों में शिवाजी महाराज की गौरव गाथा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। वे एक महान योद्धा थे। उन्होंने अपने शौर्य, पराक्रम और कुशल युद्धनीति के चलते मुगल साम्राज्य के छक्के छुड़ा दिए थे। वे बचपन से ही निडर और साहसी थे। शिवाजी महाराज का जन्म 19 फरवरी 1630 में शिवनेरी दुर्ग में हुआ था। उनके पिता का नाम शाहजी भोसले और माता का नाम जीजाबाई था। वर्ष 1674 में उन्होंने ही मराठा साम्राज्य की नींव रखी थी।
भारतीय इतिहास के मुगलकाल में मराठाओं ने देश के लिए जो योगदान दिया है उसमें छत्रपति शिवाजी महाराज का नाम सबसे प्रमुखता से लिया जाता है। देश आज शिवाजी महाराज की 392 जयंती मना रहा है। शिवाजी महाराज ने मुगलों से लोहा लेकर देश में राष्ट्रवाद की भावना जगाते हुए जनमानस में ऐसा आत्मविश्वास जगाया था जो आज भी लोगों को प्रेरणा और उत्साह से भर देता है। उन्होंने औरंगजेब के खिलाफ संघर्ष कर अपने मराठा साम्राज्य की स्थापना करते हुए जीवन भर मुगलों की नाक में दम करके रखा था। सोशल मीडिया पर आज #Shivajijayanti2022 ट्रेंड कर रहा है। लोग शिवाजी महराज की जयंती पर सोशल मीडिया पर संदेश देने के साथ नमन कर रहे हैं।























