
पढिये किस नाम पर बनी सहमति
चंडीगढ़, 4 जनवरी (विश्व वार्ता) पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवारों की घोषणा करने में सबसे आगे है। पार्टी अब तक 101 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी जल्द ही 2022 के चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे की घोषणा कर सकती है। ज्ञात हो कि पहले आम आदमी पार्टी और किसान संगठनों के बीच संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने की चर्चा चल रही थी, और यह भी अनुमान लगाया गया था कि किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। हालांकि किसान संगठनों ने राजेवाल को अपना मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। खबरों के मुताबिक, पार्टी संगरूर से लोकसभा सदस्य और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने जा रही है. भगवंत मान के नाम पर पार्टी की पीएसी बैठक में भी आम सहमति बनने की खबरें हैं। जिसका आधिकारिक ऐलान पार्टी जल्द ही कर सकती है. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के कारण घोषणा में देरी हो सकती है।






















