आपने 13 साल कांग्रेस, 12 साल बीजेपी को देकर देख लिया, 5 साल ‘आप’ को देकर देखें – अरविंद केजरीवाल
…. कभी एशिया का सबसे सुंदर शहर था चंडीगढ़, बीजेपी और कांग्रेस ने मिलकर शहर का किया बेड़ा गर्क – अरविंद केजरीवाल
…कांग्रेस-बीजेपी ने चंडीगढ़ को किया गंदा, स्वच्छता में 66वें स्थान पर पहुंचाया – अरविंद केजरीवाल
….चंडीगढ़वासियों से किए 5 वादे, भ्रष्टाचार और कूड़े के पहाड़ करेंगे खत्म, सरकारी कार्यालय में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे, पानी फ्री करेंगे एवं जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाएंगे
… ‘आप’ युवाओं की पार्टी है, हमारे ज्यादातर उम्मीदवार 40 से कम उम्र के हैं – अरविंद केजरीवाल
… झाड़ू का बटन आपकी किस्मत का बटन है, आपके बच्चों के भविष्य का बटन है – भगवंत मान

चंडीगढ़,19 दिसंबर 2021 ; 24 दिसंबर को चंडीगढ़ में होने वाले नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए आप सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे और एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान वे कांग्रेस और बीजेपी पर जमकर बरसे। लोगों से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा, “1996 में चंडीगढ़ नगर निगम बनने के बाद आपने 13 साल कांग्रेस को और 12 साल बीजेपी को शासन का मौका दिया, लेकिन दोनों ने मिलकर चंडीगढ़ का बेड़ा गर्क कर दिया। एक मौका 5 साल के लिए आम आदमी पार्टी को दें। हम आपको विकास करके दिखाएंगे।
कांग्रेस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा किसी समय में चंडीगढ़ एशिया का सबसे सुंदर शहर हुआ करता था। लेकिन दोनों पार्टियों ने शहर को गंदा कर दिया। आज स्वच्छता के मामले में चंडीगढ़ 66वें स्थान पर पहुंच गया है। भाजपा पर हमला करते हुए केजरीवाल ने कहा, “भाजपा कहती है कि विकास के लिए डबल इंजन सरकार होना जरूरी है। मैं भाजपा नेताओं से पूछना चाहता हूं कि चंडीगढ़ का सांसद बीजेपी का है। मेयर बीजेपी का है। गवर्नर बीजेपी का है और केंद्र सरकार भी बीजेपी की है फिर भी आज तक उन्होंने क्यों कुछ नहीं किया?
केजरीवाल ने चंडीगढ़ वासियों को शहर के विकास और सुविधाओं से संबंधित पांच वादे किए। पहला,भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे। नगर निगम के जो पैसे पहले भाजपा और कांग्रेस के नेता खा जाते थे वे अब लोगों के विकास पर खर्च होंगे। एवं आप का शासन आने पर दिल्ली की तरह चंडीगढ़ के लोगों को भी अपना काम करवाने नगर निगम कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नगर निगम के कर्मचारी खुद चलकर लोगों के घर आएंगे और उनके सभी काम( राशन कार्ड बनवाना हो या बिजली-पानी का कनेक्शन लेना हो आदि) करेंगे। दूसरा, डड्डू माजरा में जो कूड़े के पहाड़ हैं, उसे खत्म करेंगे। चंडीगढ़ में कहीं भी कूड़ा-कचरा नहीं मिलेगा। तीसरा, दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी पानी फ्री में मिलेगा। चौथा, सड़के बनाना, शहर की साफ सफाई करना एवं रख-रखाव से संबंधित सभी अब नगर निगम किया करेगी। पांचवां, महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली की तरह चंडीगढ़ शहर में भी जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे।
लोगों को भरोसा दिलाते हुए केजरीवाल ने कहा हमने यहां जो भी वादे किए हैं, वे सब हमने दिल्ली में करके दिखाया है। अगर आपके कोई रिश्तेदार या दोस्त दिल्ली में रहते है तो आप उनसे फोन कर पूछ लें। अगर वह कहें कि केजरीवाल ने दिल्ली में काम नहीं किया है तो आप मुझे वोट मत करना अगर बोले कि केजरीवाल ने जो कहा है वह करके दिखाया है तो चंडीगढ़ में भी 24 तारीख को आम आदमी पार्टी को वोट देना। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी को युवाओं की पार्टी बताया और कहा कि हमारी पार्टी में ज्यादातर नेता युवा हैं। चंडीगढ़ में भी हमारे ज्यादातर उम्मीदवार 40 से कम उम्र के हैं। उन्होंने युवाओं से समाज के लिए काम करने और आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की अपील की।
एक अफवाह का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा, मुझे खबर मिली है कि केंद्र सरकार चंडीगढ़ को जल्द पंजाब को सौंपने की सोच रही है। अगर यह खबर सच है तो कुछ महीने बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने वाली है और चंडीगढ़ पंजाब का हिस्सा होगा। तो फिर बीजेपी और कांग्रेस को वोट देना व्यर्थ होगा।
सभा को संबोधित करते हुए आप के पंजाब अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का असली नाम भारतीय जुमला पार्टी है। भाजपा के नेता सिर्फ जुमलेबाजी करते हैं। उन्होंने कहा,”झाड़ू का बटन आपकी किस्मत का बटन है। आपके बच्चों के भविष्य का बटन है। इसलिए 24 को वोट देने जब आप घर से निकले तो यह सोच कर निकले कि आज बदलाव का दिन है। 24 दिसंबर 2021 का दिन चंडीगढ़ के इतिहास में बदलाव के रूप में दर्ज होगा।”
सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि चंडीगढ़ की जनता भाजपा और कांग्रेस की राजनीति से तंग आ चुकी है। कभी स्वच्छता के मामले में नंबर एक शहर रहा चंडीगढ़ शहर इस साल के स्वच्छ सर्वेक्षण में पिछड़ कर 66वें नंबर पर आ गया है। पिछले 6 साल में कोई भी ऐसा टैक्स नहीं जो शहर के लोगों पर नहीं लगाया गया हो। नगर निगम ने संपत्ति कर और पार्किंग शुल्क बढ़ाने के बाद अब पानी के बिलों की दरों में बढ़ोतरी कर शहर वासियों की जेब पर डाका डालने का काम किया है। नगर निगम का पैसा भाजपा के कुछ चुनिंदा पार्षदों की जेब में जा रहा है। प्रदीप छाबड़ा ने आगे कहा कि चंडीगढ़ में लगभग 150 करोड़ रुपये के लाभ में चल रहे बिजली विभाग को निजी हाथों में देने के बाद अब शहर की पब्लिक ट्रांसपोर्ट ‘सीटीयू’ को भी निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि कोई सुनवाई न होने के कारण आज शहर का छात्र और कर्मचारी वर्ग दुखी है। अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए शहर में धरना प्रदर्शन करने वाले निहत्थे किसानो पर लाठीचार्ज किये गए और उन पर पर्चे दर्ज किये गए। पर प्रशासन ने किसी की एक न सुनी। प्रदीप छाबड़ा ने आज इस रैली के दौरान अरविंद केजरीवाल से वायदा किया कि वह चंडीगढ़ नगर निगम की 35 में से 35 सीटें जीतेंगे और चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी का मेयर बनाएंगे।






















