
मनीष नरवाल और सिंहराज पर की धनवर्षा
मनीष नरवाल और सिंहराज को देगी इतने इतने करोड रूपये
फरीदाबाद. हरियाणा सरकार ने टोक्यो पैरालंपिक में शूटिंग पी4 मिक्स्ड 50 मीटर पिस्टल एसएच1 में स्वर्ण पदक जीतने वाले मनीष नरवाल को 6 करोड़, तो रजत पदक विजेता सिंहराज अधाना को 4 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की है. इसके साथ हरियाणा सरकार ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई भी दी है. बता दें कि 19 साल के नरवाल ने पैरालंपिक का रिकॉर्ड बनाते हुए 218.2 स्कोर किया. वहीं अधाना ने 216.7 अंक बनाकर रजत पदक अपने नाम किया है. यह दोनों निशानेबाज हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं.
इसके साथ ही टोक्यो ओलंपिक में भारत की पदकों की संख्या 15 हो गई है. भारत ने अब तक तीन स्वर्ण, सात रजत और पांच कांस्य पदक जीते हैं. जबकि निशानेबाजी में भारत 5 पदक जीत चुका है. सिंहराज का टोक्यो पैरालंपिक में यह दूसरा पदक है. इससे पहले उन्होंने पैरालंपिक खेलों में 31 अगस्त को पी1 पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 में कांस्य पदक जीता था.






















