उत्तर क्षेत्रीय राज्यों में 16.10 लाख हैक्टेयर में कपास की बुआई

जैतो,15 जून (रघुनंदन पराशर ) देश के उत्तर क्षेत्रीय प्रमुख कपास पैदावार राज्यों जिनमें पंजाब, हरियाणा व राजस्थान शामिल हैं, में कपास सीज़न साल 2021-22 के लिए कपास की बुआई 11 जून तक 16.10 लाख हैक्टेयर भूमि में हो चुकी हैं जबकि कपास सीज़न साल 2020-21 के दौरान इस अवधि में यह बुआई 17.18 लाख हैक्टेयर में हुई थी। यानी हाल की घड़ी इस बार पिछले साल की तुलना में करीब 1 लाख हैक्टेयर से अधिक बुआई कम होने के आंकड़े सामने आए हैं। देश की जानी-मानी रुई कम्पनी जे.पी. ट्रेडिंग कंपनी मुंबई के बठिंडा कार्यालय के सी.पी.ओ. सतीश कुमार शर्मा के अनुसार कपास सीज़न साल 2020-21 में इस समय पंजाब में कपास की बुआई 2.51 लाख हैक्टेयर में हुई थी जबकि इस बार बुआई 3.05 लाख हैक्टेयर में हो चुकी हैं, हरियाणा में 6.70 लाख हैक्टेयर में हुई है जबकि पिछले साल बुआई 7.15 लाख हैक्टेयर भूमि में थी। इस तरह ही राजस्थान श्रीगंगानगर लाइन में पिछले साल 4.17 लाख हैक्टेयर में बुआई थी लेकिन इस बार यह बुआई 3.35 लाख हैक्टेयर भूमि में हुए हैं जबकि राजस्थान के लोअर क्षेत्र में अब तक 3 लाख हैक्टेयर में बुआई हुई हैं। पिछले साल यह बुआई 3.35 लाख हैक्टेयर में हुई थी।रूई कारोबारी सतीश शर्मा ने कहा कि इस बार कपास की बुआई 15 दिन देरी से शुरू हुई है। पंजाब व हरियाणा में कपास की बुआई लगभग पूरी हो चुकी हैं लेकिन श्रीगंगानगर क्षेत्र में बुआई 20-25 जून तक पूरी होने की संभावना है। हरियाणा में इस बार कपास की बुआई 5 फीसदी कम होने की सूचना है क्योंकि किसानों ने इस बार बाजरा व मूंग आदि की बुआई अधिक की हैं। श्रीगंगानगर क्षेत्र में पिछले साल की तुलना अब तक बुआई करीब 20 फीसदी कम हुई हैं।इसका मुख्य कारण नहरी पानी की कमी माना जा रहा है। वहीं,लोअर राजस्थान में भी कपास बुआई 5 से 10 फीसदी कम होने की सूचना है। सतीश शर्मा ने कहा कि उत्तर क्षेत्रीय इन राज्यों में फिलहाल कपास की फसल बहुत ही अच्छी खड़ी हैं।कई क्षेत्रों में तो कपास का पौधा आधा से 1 फूट लंबाई तक पहुंच गया है।






















