
नई दिल्ली। सोने की घरेलू हाजिर कीमत में गिरावट दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार को सोने के हाजिर भाव में 317 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट से सोने का भाव 46,382 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में गिरावट के चलते भारत में सोने के घरेलू हाजिर भाव में गिरावट दर्ज की गई। इससे पिछले सत्र में सोने का घरेलू हाजिर भाव 46,699 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
इसके विपरीत चांदी के हाजिर भाव में बुधवार को जबरदस्त बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। चांदी के हाजिर भाव में 2,328 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई। इस बढ़त से चांदी का भाव 70,270 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। इससे पिछले सत्र में चांदी 67,942 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।



















